हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, हौज़वी संस्थाओं की समन्वय परिषद ने विश्व साम्राज्यवाद-विरोधी दिवस के अवसर पर एक बयान जारी किया है। इस बयान पर परिषद के अध्यक्ष आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी के हस्ताक्षर हैं।
बयान का पूरा पाठ इस प्रकार है:
बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम
“निश्चित रूप से अल्लाह उसकी सहायता करेगा, जो उसके धर्म की सहायता करेगा। बेशक, अल्लाह अत्यंत शक्तिशाली और प्रभुत्वशाली है।” (सूर ए अल-हज्ज, आयत 40)
इमाम ख़ुमैनी (रह.) ने फ़रमाया था:
“अमेरिका और इज़राइल इस्लाम की बुनियाद के दुश्मन हैं, क्योंकि वे इस्लाम, क़ुरआन और सुन्नत को अपने रास्ते की रुकावट और अपनी लूट-खसोट में बाधा समझते हैं। ईरान ने भी इसी क़ुरआन और सुन्नत का अनुसरण करते हुए उनके विरुद्ध आवाज़ उठाई, क्रांति की और विजय प्राप्त की।”
13 आबान (4 नवंबर) विश्व साम्राज्यवाद-विरोधी राष्ट्रीय दिवस है। यह साम्राज्यवादी वर्चस्व के विरोध की विचारधारा को फिर से सामने लाने और ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे को बुलंद करने का एक ऐतिहासिक अवसर है।
यह दिन ईरान के इतिहास की तीन महत्वपूर्ण घटनाओं की याद दिलाता है। वर्ष 1964 ई में इमाम ख़ुमैनी (रह.) को तुर्किये निर्वासित किया गया था। वर्ष 1978 ई में छात्रों का क्रूरतापूर्वक नरसंहार किया गया और वर्ष 1979 ई में अमेरिका के जासूसी अड्डे पर क़ब्ज़ा किया गया। इन घटनाओं के कारण 4 नवम्बर ईरानी राष्ट्र की गरिमा, प्रतिरोध, दुश्मनों के सामने डटकर खड़े होने और साम्राज्यवाद-विरोध का प्रतीक बन गया है। साथ ही, यह दिन ईरान की धरती के दुश्मनों की पराजय, अपमान और शर्मिंदगी का भी प्रतीक है।
आज अल्लाह के करम से विश्व साम्राज्यवाद और ज़ायोनी क़ब्ज़े के अधीन पीड़ित और शोषित राष्ट्र, विशेष रूप से प्रिय फ़िलिस्तीन की जनता, इस्लामी गणराज्य ईरान की गौरवशाली क्रांति से प्रेरणा लेकर जागरूक हो चुकी है। ये राष्ट्र अपने भविष्य का निर्णय स्वयं करने के लिए उठ खड़े हुए हैं और साम्राज्यवादी व्यवस्था को समाप्त करके एक नई विश्व व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से व्यापक आंदोलन चला रहे हैं।
फ़िलिस्तीन की जनता और उसके लड़ाकों के दृढ़ तथा शहादत के जज़्बे से भरे प्रतिरोध ने इस्लामी और समकालीन इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। इस प्रतिरोध ने एक बार फिर दुनिया के सामने इस्लाम और मुसलमानों की शक्ति और महानता को उजागर किया है, जिसकी बुनियाद सर्वशक्तिमान अल्लाह पर ईमान है। जैसा कि अल्लाह तआला ने पवित्र क़ुरआन में फ़रमाया है:
“कमज़ोर मत पड़ो और दुखी मत हो, यदि तुम ईमान वाले हो तो तुम ही सर्वोच्च रहोगे।” (सूर ए आले इमरान, आयत 139)
हौज़ा इल्मिया ने महान इमाम ख़ुमैनी (र), इस्लामी क्रांति के शहीदों और अमेरिका तथा विश्व साम्राज्यवाद के विरुद्ध विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष करने वाले जागरूक ईरानी नागरिकों की कुर्बानियों और साहसिक कार्यों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए, अमेरिका और अवैध क़ब्ज़े वाले इज़राइल के विरुद्ध मुस्लिम राष्ट्रों के प्रतिरोध तथा इमाम ख़ुमैनी (र) के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता पर ज़ोर दिया है। साथ ही, इमाम ख़ामेनेई (ह) के मार्गदर्शन का अनुसरण करने की अपील की है।
हौज़ा इल्मिया ने ईरान की समस्त जनता, विशेष रूप से धर्मशास्त्र के विद्यार्थियों, विश्वविद्यालयों के छात्रों और स्कूली विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे 4 नवम्बर के स्मृति समारोहों में एक बार फिर पूरे उत्साह और क्रांतिकारी भावना के साथ भाग लें। अमेरिका, इज़राइल और विश्व साम्राज्यवाद के अपराधों की निंदा करके इस्लाम के दुश्मनों को निराश करें और दुनिया के वंचितों तथा फ़िलिस्तीन के पीड़ित लोगों के दिलों में आशा की रोशनी जगाएं।
बयान में क़ुम के समस्त धर्मगुरुओं, हौज़ा के विद्यार्थियों और विद्वानों के साथ-साथ क्रांतिकारी जनता से भी विशेष अपील की गई है कि वे हज़रत फ़ातिमा मासूमा (स) के पवित्र हरम में आयोजित होने वाले 4 नवम्बर के भव्य कार्यक्रम में पूरे जोश और दृढ़ संकल्प के साथ शामिल हों और विश्व साम्राज्यवाद तथा हत्यारे इज़राइल के विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद करें।
आयतुल्लाह अलीरज़ा आराफ़ी
अध्यक्ष, हौज़ाई संस्थाओं की समन्वय परिषद
2 नवंबर 2023
आपकी टिप्पणी